Best Wishes & Blessings
डा. चन्द्र मोहन सक्सेना
जिला प्रभारी पतंजलि योग समिति मैनपुरी
गुरुदास भाई सादर प्रणाम
मुझे यह जानकर अतीव प्रसन्नता हुई कि “श्रीराम सेवा आश्रम समिति, मैनपुरी द्वारा स्मारिका “श्रद्धा-सुमन” प्रथम अंक का प्रकाशन किया जा रहा है। समिति का चिन्तन है कि पर्यावरण प्रदूषण दूर करने के लिए जन-मानस को जागृत किया जाये कुरीतियों और व्यसनों से मुक्त होकर समाज की भावी पीढ़ी का अस्तित्व उज्जवल एवं सत्यम, शिवम्, सुन्दरम् से सिंचित हो हमारे युवा राष्ट्र निर्माण के हर क्षेत्र में अपनी गरिमामयी अस्तित्व का बोध करा सकें।
सामाजिक कुरीतियों को समाप्त कर एक प्रगतिशील समाज बनाना जरूरी है तभी हम देश एवं विश्व में हो रहे सकारात्मक बदलाव से जुड़कर विकास कर सकेंगे। सामाजिक सद्भाव, समरसता, प्रेमपूर्ण सेवा कार्य आदि गतिविधियों से समाज का भविष्य उज्जवल होगा।
आशा है आपके संरक्षण में यह स्मारिका समिति के उद्देश्यों की सादर अभिव्यक्ति प्रस्तुत करने में सफल होगी।
स्मारिका प्रकाशन पर मेरी हार्दिक शुभकामनायें।
पूर्व जन्म के पुण्य आपके, जो कर रहे शुभ काम।
यह अद्भुत संयोग है, गुरु पितु दौऊ श्रीराम॥हम सबकी शुभकामना, संस्था करे विकास।
जन-जन का कल्याण हो, लगे रहें गुरुदास॥
डा. राम मोहन
प्रधानाचार्य
सुदिति ग्लोबल एकेडमी
मैनपुरी (उ.प्र.)
आपके द्वारा प्रकाशित होने वाली “श्रद्धा सुमन” स्मारिका के सम्बन्ध में ज्ञात होने पर मुझे अपार हर्ष की अनुभूति हुई। यह स्मारिका समूची मानव जाति के लिए वरदान साबित होगी। मानव में देवत्व का विकास समाज में प्रचलित विभिन्न कुरीतियों का उन्मूलन करना महापुरुषों का प्रथम लक्ष्य एवं कार्य होता है। पुरातन काल से ही हमारे ऋषि मुनि अपने ज्ञान-विज्ञान एवं अपनी तपश्चर्या के आधार पर समाज को एक नवीन दिशा का बोध कराते हुए जागरूक करते आए हैं।
श्रीराम सेवा आश्रम समिति, मैनपुरी द्वारा चलाए जा रहे मानवोपयोगी समाज हितार्थ व्यसनमुक्ति, कन्याभ्रूण हत्या निषेध, वृक्षारोपण, स्वच्छता एवं जन-जन की सेवा सहायता जैसे अनेकोनेक जागरूकता अभियान कार्यक्रम आधुनिक युग में मील के पत्थर सिद्ध हो रहे हैं। निश्चय ही समिति के यह पावन कार्य मानव को महामानव बनाने में सहायक होंगे, साथ ही साथ वैचारिक सामाजिक परिवर्तन लाकर समाज और देश को नवीन चेतना प्रदान करते हुए अहितकारी कुरीतियों का दमन कर सद्विचारिता तथा मनुष्यता का पुनः स्थापन करेगा।
मैं इनके पुनीत जन जागरूकता अभियानों की एवं प्रकाशित होने वाली “श्रद्धा सुमन” स्मारिका की हृदय से सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ।
समाज जागरूक हो रहा, प्रयास बहुत महान है।
उखड़ जाएंगी कुरीतियां, बढ़े देश की शान है।।पावन हितार्थ कार्य आपके, नवीन दिशा दिखाएंगे।
सुषुप्त पड़ी मानवता को, कर्तव्य बोध कराएंगे।।